आज भोजपुरी सिनेमा में जब भी ‘पावर स्टार’ का नाम लिया जाता है, तो सामने आता है सिर्फ एक चेहरा— पवन सिंह! जिनकी एक झलक पाने के लिए लाखों की भीड़ बेकाबू हो जाती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आज करोड़ों दिलों पर राज करने वाले पवन सिंह ने अपने करियर की शुरुआत महज 9 साल की उम्र में आरा के गांवों से की थी, और तब उन्हें एक गाने के सिर्फ 10 रुपये मिलते थे।
जी हां! आज हम आपको लेकर चलेंगे पवन सिंह के उस दौर में, जब वो सिर्फ 11 साल के थे और उन्होंने अपना पहला भोजपुरी गाना गाया था, जिसने मार्केट में बवाल मचा दिया था।
बात साल 1997 की है, जब 11 साल के एक छोटे से लड़के ने माइक संभाला और उसकी दमदार आवाज ने पूरे भोजपुरी इलाके को हिलाकर रख दिया। उस गाने के बोल थे ‘ओढनिया वाली’। इस गाने के वीडियो में खुद पवन सिंह भी नजर आए थे, लेकिन अगर आप उन्हें आज देखेंगे, तो पहचान भी नहीं पाएंगे। हालांकि, उस छोटी सी उम्र में भी उनकी आवाज का दम एकदम लाजवाब था।
इस सुपरहिट गाने के बेहतरीन लिरिक्स अशोक शिवपुरी ने लिखे थे, जबकि इसका शानदार म्यूजिक अजीत सिंह और खुद पवन सिंह ने मिलकर तैयार किया था। पवन सिंह का यह पहला गाना उस वक्त इतना बड़ा हिट रहा कि इसकी कैसेट्स हाथों-हाथ बिक गईं, लेकिन हैरानी की बात यह थी कि खुद पवन सिंह को काफी समय तक अपनी इस कामयाबी का अंदाजा ही नहीं था।
पवन सिंह का यह गाना आज भी एक एवरग्रीन हिट है। साल 2017 में यूट्यूब पर अपलोड किए गए इस वीडियो को अब तक लाखों व्यूज मिल चुके हैं और कमेंट बॉक्स में फैंस अपने पावर स्टार के संघर्ष को सलाम कर रहे हैं।
कमेंट बॉक्स में एक फैन ने लिखा— ‘पवन भाई आपका संघर्ष ही आपका जीवन है, पहला गाना सुनकर मजा आ जाता है।’ वहीं एक और फैन ने लिखा— ‘क्या से क्या हो गए आप देखते देखते पवन सिंह पावर स्टार।’ एक और पुराना किस्सा शेयर करते हुए फैन ने बताया कि जब यह गाना वायरल हुआ और मार्केट में इसकी कैसेट बिक रही थी, तो पवन सिंह को पता ही नहीं था, बाद में टी-सीरीज वालों ने पवन सिंह से इसे दोबारा रिकॉर्ड कराया था। वाकई, 11 साल की उम्र में भी पवन सिंह ने बवाल मचा दिया था।
वक्त गजब की चीज होती है और जब यह बदलता है, तो फर्श से अर्श तक पहुंचा देता है। पवन सिंह ने अपनी लाइफ में वो दौर भी देखा है जब 10 रुपये की पहली कमाई के बाद उन्हें एक गाने के 100 रुपये मिलने लगे थे। लेकिन अपनी कड़ी मेहनत और दमदार आवाज के दम पर आज वो मुकाम हासिल कर चुके हैं कि आज वो एक सिंगल गाने के लिए 3 से 4 लाख रुपये चार्ज करते हैं।
यही नहीं, अगर पवन सिंह का कोई स्टेज शो होता है, तो उसकी फीस लगभग 15 लाख रुपये तक होती है। पवन सिंह ने अपने अभी तक के लंबे करियर में ‘लॉलीपॉप लागेलू’ से लेकर एक से बढ़कर एक ब्लॉकबस्टर गाने और फिल्में दी हैं, जिसने उन्हें भोजपुरी इंडस्ट्री का अल्टीमेट सुल्तान बना दिया है।
तो ये थी कहानी भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह के पहले गाने और उनके ज़बरदस्त ट्रांसफॉर्मेशन की। 11 साल की उम्र का वो लड़का आज पूरी भोजपुरी इंडस्ट्री पर राज कर रहा है।

