रिन्यूएबल एनर्जी इंडिया एक्सपो 2026 का समापन, फिल्म अभिनेता एवं सांसद रवि किशन पहुंचे अवादा पवेलियन

ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा में आयोजित तीन दिवसीय रिन्यूएबल एनर्जी इंडिया एक्सपो (आरईआई) 2026 का समापन शनिवार को हुआ। इस अवसर पर लोकप्रिय फिल्म अभिनेता एवं गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने अवादा ग्रुप के पवेलियन का दौरा किया और सौर ऊर्जा की आधुनिक तकनीकों की जानकारी ली। उन्होंने अपने गोरखपुर कार्यालय के लिए सोलर पैनल खरीदने में भी रुचि दिखाई।

इन दिनों सोशल मीडिया पर जेन-ज़ी के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल कर रहे रवि किशन ने अपने प्रशंसकों से अपील की, “मैं आपसे इस तरह कभी नहीं कहता, लेकिन आज कह रहा हूं—कृपया सोलर अपनाइए। अपने घरों की छतों पर, खेतों में और फार्महाउस पर सोलर लगवाइए।”

अपने चिरपरिचित अंदाज में उन्होंने कहा, “मैं बिग बॉस के समय भी वायरल हुआ था। मैं बहुत पुराना वायरल आदमी हूं।” रवि किशन का चर्चित संवाद ‘जिंदगी झंड बा, फिर भी घमंड बा’ आज भी युवाओं के बीच लोकप्रिय है। उन्होंने जेन-ज़ी से मिल रहे प्यार के लिए आभार जताया।

रवि किशन ने बताया कि वह अपने घर पर पहले ही सोलर पैनल लगवा चुके हैं। अब गोरखपुर स्थित कार्यालय में भी सौर ऊर्जा अपनाने की योजना है। उन्होंने कहा कि इससे बिजली का खर्च कम होगा, प्रदूषण घटेगा और देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता मजबूत होगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश में सोलर पर मिलने वाली सब्सिडी और बैंक ऋण सुविधाओं का भी उल्लेख किया।

रवि किशन ने रेलवे स्टेशनों की छतों पर सोलर पैनल लगाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए बताया कि इस संबंध में वह रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिख चुके हैं और संसद में भी मुद्दा उठा चुके हैं।

अवादा ग्रुप के चेयरमैन विनीत मित्तल ने रवि किशन का स्वागत करते हुए दिलचस्प अंदाज में कहा कि रवि का अर्थ ही सूर्य है, इसलिए सौर ऊर्जा के इस आयोजन में उनका आना स्वाभाविक है।

उल्लेखनीय है कि इनफॉर्मा मार्केट्स द्वारा आयोजित एशिया के प्रमुख स्वच्छ ऊर्जा आयोजनों में शामिल आरईआई एक्सपो 2026 का आयोजन 22 से 24 अक्टूबर तक ग्रेटर नोएडा में किया गया। इसमें सौर ऊर्जा, हरित तकनीक और ऊर्जा आत्मनिर्भरता से जुड़े नवीनतम समाधानों का प्रदर्शन किया गया।

Advertise with us