होली पर मनोज तिवारी का ‘पॉलिटिकल’ रंग! नए गाने ‘होलरिया’ में मोदी-राहुल-लालू का ज़िक्र, प्राची तेहलान संग देवर-भाभी की मस्ती

“बुरा न मानो होली है! 4 मार्च को रंगों का त्योहार दस्तक देने वाला है और भोजपुरी इंडस्ट्री में गानों का ‘महा-मुकाबला’ शुरू हो चुका है। खेसारी, पवन और अक्षरा के बाद अब मैदान में उतरे हैं मनोज तिवारी। शुक्रवार को रिलीज़ हुआ उनका नया गाना ‘होलरिया’ महज़ एक गीत नहीं, बल्कि सियासत और समाज का आईना है। देवर-भाभी की खट्टी-मीठी नोकझोंक के बीच मनोज तिवारी ने देश के बड़े-बड़े दिग्गजों का नाम लेकर गाने में ऐसा रंग भरा है कि यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

भोजपुरी के दिग्गज सिंगर और सांसद मनोज तिवारी ने यूट्यूब पर अपना नया होली एंथम ‘होलरिया’ जारी कर दिया है। वियानेट मीडिया स्टूडियो में रिकॉर्ड हुई मनोज तिवारी की सुरीली आवाज़ ने एक बार फिर फैंस के दिलों को छू लिया है। इस गाने में मनोज तिवारी के साथ नज़र आ रही हैं जानी-मानी एक्ट्रेस और बास्केटबॉल प्लेयर प्राची तेहलान। दोनों के बीच देवर और भाभी का रिश्ता दिखाया गया है, जिसकी मीठी तकरार को लोग काफी पसंद कर रहे हैं।

‘होलरिया’ गाना सिर्फ नाच-गाने तक सीमित नहीं है। मनोज तिवारी ने इसमें पक्ष और विपक्ष के कई बड़े चेहरों का नाम शामिल कर गाने को चर्चा का केंद्र बना दिया है। गाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी, लालू यादव, तेजस्वी और अखिलेश यादव का ज़िक्र है। यही नहीं, भोजपुरी स्टार पवन सिंह, रवि किशन, निरहुआ और खेसारी लाल के नाम भी इस गाने में पिरोए गए हैं। राजनीति और सिनेमा के इस अनूठे संगम ने ‘होलरिया’ को इस साल का सबसे लोकप्रिय होली गीत बना दिया है।

इस मनोरंजक गाने का निर्देशन रौनक राउत ने किया है, जबकि सूरज विश्वकर्मा का संगीत पैर थिरकाने पर मजबूर कर देता है। गीता यादव द्वारा निर्मित और सुरभि तिवारी के प्रोडक्शन में बना यह गाना रिलीज़ के कुछ ही घंटों में हज़ारों व्यूज बटोर चुका है। तमाम भोजपुरी के गीतों के बीच मनोज तिवारी के इस गाने ने अपनी एक अलग पहचान बना ली है।

मनोज तिवारी का यह ‘होलरिया’ अंदाज़ इस बार होली की पार्टियों में धूम मचाने के लिए पूरी तरह तैयार है। राजनीति की गरमाहट और रंगों की मस्ती के बीच यह गाना हर किसी की जुबान पर चढ़ने लगा है। तो आप भी तैयार हो जाइए 4 मार्च के हुड़दंग के लिए!

 

Advertise with us