नई दिल्ली: त्योहारों का सीजन आते ही मिठाइयों और खाने-पीने की चीजों की बहार आ जाती है, लेकिन इसी के साथ मिलावटखोरों का काला खेल भी शुरू हो जाता है। दिवाली से ठीक पहले दिल्ली में खाने-पीने की चीजों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने ताबड़तोड़ छापेमारी तेज कर दी है। विकासपुरी से लेकर हस्तसाल और आजाद मार्केट तक, फूड डिपार्टमेंट की टीमों ने कई बड़े स्टोरों पर छापे मारकर 322 किलो से ज्यादा मिलावटी और संदिग्ध घी जब्त किया है। इतना ही नहीं, सोशल मीडिया पर ‘एक के साथ एक मुफ्त’ और 60% तक छूट का झांसा देने वाले स्टोर भी अब जांच के दायरे में आ चुके हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने सबसे पहले विकासपुरी के मैक्सकार्ट स्टोर और अग्रवाल स्टोर का औचक निरीक्षण किया। यहाँ अलग-अलग ब्रांड के घी के पांच और अन्य खाद्य पदार्थों के पांच नमूने जांच के लिए जुटाए गए, और कुल 75.53 लीटर घी तुरंत जब्त किया गया। कार्रवाई का सिलसिला यहीं नहीं थमा। इसके बाद टीम ने हस्तसाल गांव के अग्रवाल स्टोर पर धावा बोला। यहाँ श्री शान, वृंदा फार्म्स और अवतार ब्रांड के घी के सैंपल लिए गए और स्टोर से भारी मात्रा में यानी 246 किलोग्राम घी जब्त किया गया। इन दोनों बड़ी जगहों पर हुई कार्रवाई में कुल मिलाकर 322 किलो से ज्यादा संदिग्ध घी को कब्जे में लिया गया है।
सिर्फ घी ही नहीं, बल्कि त्योहारों पर बिकने वाली मिठाइयों और मसालों की भी कड़ाई से जांच की जा रही है। विभाग की टीम ने आजाद मार्केट की लाइब्रेरी रोड स्थित ‘साहिब संस’ से चीनी से बनी मिठाई के दो नमूने लिए, जिन्हें गलत लेबलिंग की आशंका के चलते तुरंत राज्य प्रयोगशाला में भेज दिया गया है। वहीं, लाजपत नगर के प्रसिद्ध जैन स्टोर से मखाना और हल्दी पाउडर के सैंपल लिए गए, जबकि रिठाला स्थित ‘युग बास्केट प्राइवेट लिमिटेड’ से दो तरह के बिस्कुट, सॉफ्ट कैंडी और शुगर कैंडी के नमूने जुटाए गए हैं। विभाग ने कई जगहों पर खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी और कमियां भी दर्ज की हैं।
इस बार खाद्य सुरक्षा विभाग की नजर सिर्फ दुकानों पर ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर चल रहे लुभावने विज्ञापनों पर भी है। जो स्टोर ‘एक के साथ एक मुफ्त’ और 60% तक की भारी छूट का प्रचार कर रहे हैं, वे अब सीधे जांच के दायरे में आ गए हैं। विभाग यह सुनिश्चित करना चाहता है कि बंपर छूट के नाम पर कहीं जनता की सेहत से खिलवाड़ तो नहीं किया जा रहा है। लैब से सैंपल की जांच रिपोर्ट आते ही इन तमाम स्टोरों पर और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की गाज गिर सकती है।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि त्योहारों के इस पावन अवसर पर आम जनता की सेहत से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि वे बाजार से कोई भी सामान खरीदते समय पैकेट पर छपी सारी जानकारी, निर्माण की तारीख (Mfg Date) और एक्सपायरी डेट जरूर जांच लें। इस त्योहारी सीजन में कुछ भी खरीदने से पहले आप भी सावधान रहें और पैकेट की जांच जरूर करें।

