श्री राम कथा में दधीचि देहदान समिति का जागरूकता कैंप, अंगदान-देहदान का दिया संदेश

नई दिल्ली: दिल्ली के विवेक विहार स्थित DDA ग्राउंड में इन दिनों राम नाम की गंगा बह रही है। विजय कौशल जी महाराज की श्री राम कथा का आज दूसरा दिन था, जहाँ हज़ारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े। लेकिन इस आध्यात्मिक आयोजन के बीच एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो समाज के लिए नई प्रेरणा बन रही है। दधीचि देहदान समितिने कथा प्रांगण में एक विशेष जागरूकता स्टॉल लगाया है, जहाँ लोगों को अंगदान और देहदान जैसे पुनीत कार्यों के बारे में जानकारी दी जा रही है।

विवेक विहार के DDA ग्राउंड में 15 मार्च तक चलने वाली इस श्री राम कथा में जहाँ महाराज श्री के प्रवचनों से लोग निहाल हो रहे हैं, वहीं दधीचि देहदान समिति ने मानवता की सेवा का मोर्चा संभाला है। समिति की ओर से लगाए गए इस स्टॉल पर आने वाले भक्तों को बताया जा रहा है कि कैसे मृत्यु के बाद भी उनका शरीर किसी के काम आ सकता है। अंगदान और देहदान को सनातन धर्म के परोपकारके सिद्धांतों से जोड़कर यहाँ लोगों की शंकाओं को दूर किया जा रहा है।

आज कथा के दूसरे दिन समिति के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के संयोजक बंसल जी के नेतृत्व में एक पूरी टीम मैदान में डटी रही। अमित गर्ग, विश्वास कुमार शुक्ल, दीपक सहगल और मुकेश शर्मा ने जहाँ लोगों को देहदान की प्रक्रिया समझाई, वहीं सोनल विग, अनिल गोयल, नितिन बिंदल और कनक सहगल ने जागरूकता पत्रक वितरित किए। टीम की मेहनत का ही नतीजा रहा कि आज 4 लोगों ने देहदान और अंगदान के लिए फॉर्म लेकर इस पुनीत कार्य का हिस्सा बनने का संकल्प लिया। टीम का मानना है कि स्वस्थ शरीर से स्वस्थ समाजऔर मृत्यु के बाद अमरताका यही एकमात्र मार्ग है।

समिति के कार्यकर्ताओं का कहना है कि महाराज श्री की कथा सुनने आने वाले लोग मानसिक रूप से सेवा के लिए तैयार होते हैं, ऐसे में उन्हें देहदान के प्रति जागरूक करना और भी आसान हो जाता है। 15 मार्च तक चलने वाली इस कथा के दौरान समिति का यह जागरूकता अभियान निरंतर जारी रहेगा। समाज के प्रबुद्ध वर्ग और युवाओं को इस अभियान से जोड़ना समिति का मुख्य लक्ष्य है, ताकि भविष्य में अंगों की कमी के कारण किसी की जान न जाए।

Advertise with us